पहाड़ी मंदिर, इंद्रपुरी व चुटिया से शिव बारात निकलेगी, ट्रैफिक रूट डाइवर्ट

महाशिवरात्रि पर्व में निकलने वाली भव्य शिव बारात को लेकर रविवार को शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सुबह 5 से रात 10 बजे तक शहर में बड़े वाहनों की एंट्री बंद की गई है। शहर में तीन जगहों से कुल 4 शिव बारात निकाली जाएगी। ​जिसमें पहाड़ी बाबा मंदिर से दो और इंद्रपुरी शिव मंदिर, रातू रोड और चुटिया स्थित सुरेश्वर धाम से दोपहर एक बजे से अलग-अलग समय पर शिव बारात निकाली जाएगी। जुलूस निकलने के लिए निर्धारित किए गए मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा। पंडरा व पिस्का मोड़ से नगर क्षेत्र की ओर भारी वाहनों के अलावा मालवाहक वाहन और सिटी राइड बसों का परिचालन भी पूरी तरह से बंद रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महाशिवरात्रि के दिन जुलूस वाले रूट का कम से कम प्रयोग करें। पिस्का मोड़ से आगे सभी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा : जुलूस के समय पिस्का मोड़ से आगे सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। कटहल मोड़ से आने वाले सभी प्रकार के वाहन झारखंड नर्सरी के पास से यू-टर्न लेकर चापुटोली के रास्ते परिचालन कर सकेंगे। वहीं तिलता चौक से आने वाली सभी गाड़ियां पिस्का मोड़ से यू टर्न लेते हुए चापु टोली के रास्ते जा सकेंगी। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया है। जुलूस पार हो जाने के बाद रातू रोड न्यू मार्केट चौक की ओर या हरमू चौक की ओर वाहन सवार आना-जाना कर सकेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *