पहाड़ी में साइबर ठग गैंग का पर्दाफाश:3 बदमाश दबोचे, कई राज्यों के लोगों को बनाया शिकार

डीग जिले की पहाड़ी पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। गैंग के 3 बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
इनके पास से 4 फर्जी सिम कार्ड और 3 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई एसपी ओमप्रकाश मीना के निर्देशन में ‘ऑपरेशन एंटी-वायरस’ अभियान के तहत की गई। पहाड़ी थाना अधिकारी योगेंद्र ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ साइबर ठग छपरा रोड पर जलदाय विभाग की निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर नमीश, अबरार और साहिल नामक तीन ठगों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से तीन फर्जी एंड्रॉइड मोबाइल फोन और चार फर्जी सिम कार्ड जब्त किए गए। पुलिस की शुरुआती जांच में इन मोबाइल फोन से लगभग 5 लाख रुपए की साइबर ठगी के तथ्य सामने आए हैं। ये अपराधी सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का उपयोग कर लोगों को झांसे देकर ठगी करते थे। ये ठग अभी तक कई राज्यों के लोगों को अपना शिकार बना चुके थे। इनकी ठगी के तरीकों में पुराने सिक्के और नोटों को ऊंचे दामों पर खरीदने का लालच देना, महिलाओं के कपड़े बेहद सस्ते दामों पर बेचने का विज्ञापन देना, और बच्चों की छोटी कारें व खिलौने ऑनलाइन बेचकर होम डिलीवरी का झांसा देना शामिल था। पकड़े गए सभी ठगों से पहाड़ी पुलिस गहनता से पूछताछ कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *