हिमाचल के कई भागों में 2 दिन से बारिश हो रही है। प्रदेश में इससे जान व माल दोनों का नुकसान हुआ है। आज सुबह 5 बजे कुल्लू जिला में सैंज-आनी-ओट NH पर पहाड़ी से बड़े बड़े पत्थर गिरे। इसकी चपेट में सड़क किनारे पार्क 5 गाड़ियां आ गईं। इन गाड़ियों को भारी नुकसान हुआ है। प्रदेश में भारी बारिश से जगह-जगह लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड की घटनाएं देखने को मिली हैं। मंडी में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। आज भी भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए मंडी जिला की टिकैन सब तहसील के सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी कर दी गई है। वहीं चंडीगढ़-मनाली फोरलेन 4 मील के पास रात में लैंडस्लाइड के बाद दोबारा बंद हो गया है। वाया कटोला होते हुए वैकल्पिक सड़क भी बंद पड़ी है। इससे हाईवे पर वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई हैं। बारिश की वजह से प्रदेशभर में 357 सड़कें वाहनों के लिए बंद पड़ी है। प्रदेश में 700 से ज्यादा बिजली के ट्रांसफॉर्मर और 179 से ज्यादा पेयजल योजनाएं ठप पड़ी है। अकेले मंडी जिला में 254 सड़कें और 540 बिजली के ट्रांसफॉर्मर बंद पड़े हैं। कोल-डैम से छोड़ा पानी, पंजाब में अलर्ट
सतलुज नदी पर बने कोल-डैम से आज फिर सुबह 7 बजे पानी छोड़ा गया। इसे देखते हुए डैम प्रबंधन ने पंजाब के लोगों को नदी किनारे नहीं जाने की सलाह दी है। इससे नदी का जल स्तर 4 से 5 मीटर बढ़ेगा। आज 4 जिलों में चेतावनी मौसम विभाग ने आज भी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिला में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। भारी बारिश के बाद बाढ़, जल भराव और लैंडस्लाइड की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। आज शाम तक भारी बारिश, कल से कमजोर पड़ेगा मानसून मौसम विज्ञानी संदीप शर्मा ने बताया कि आज शाम तक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव रहेगा। इससे कुछ स्थानों पर भारी का पूर्वानुमान है। उन्होंने बताया कि कल से मानसून थोड़ा कमजोर जरूर पड़ेगा, लेकिन कई स्थानों पर बारिश का दौर अगले 3 दिन जारी रहेगा। मानसून सीजन में 170 लोगों की मौत प्रदेश में इस मानसून सीजन में 170 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 30 लोगों की जान बादल फटने, लैंडस्लाइड और बाढ़ की चपेट में आने से गई है। इसी तरह 35 लोग कई दिनों से लापता हैं। प्रदेश में भारी बारिश से 1523 करोड़ रुपए की निजी व सरकारी संपत्ति को नुकसान हो चुका है। प्रदेश में अब तक बादल फटने की 26 घटनाएं, फ्लैश फ्लड की 43 और बड़े लैंडस्लाइड की 34 घटनाएं पेश आ चुकी है। 1352 मकान को नुकसान प्रदेश में इस मानसून में 419 मकान पूरी तरह ढह चुके हैं, जबकि 93 मकान को आंशिक नुकसान हुआ है। इसी तरह 293 दुकानें-ढाबे और 1187 गोशालाएं भी मानसून में नष्ट हुई हैं।