होजरी उद्योग के लिए प्रसिद्ध लुधियाना शहर ने इस साल एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पिछले साल के मुकाबले इस बार चाइना से आयातित कपड़े की बंपर सेल हुई है। इस साल अब तक 18 हजार करोड़ रुपये तक चाइना के कपड़ों की बिक्री हो चुकी है। इन कपड़ों से महिलाओं, बच्चों और पुरुषों के फैशन वियर तैयार किए जा रहे हैं। खास बात ये है कि इस वर्ष लुधियाना में 30,000 कंटेनर चाइना के कपड़े बिक चुके हैं, जिनकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये प्रति कंटेनर है। कारोबारियों के अनुसार पिछले पांच सालों में जितना माल बिका था उतना कपड़ा इस साल बिक चुका है। आगे और बिक्री होने की उम्मीद है। इस भारी बिक्री से स्थानीय होजरी कारोबारी काफी खुश हैं और उनके चेहरों पर मुस्कान देखी जा रही है।


