पाकिस्तान ने दो बार किया हिमाचल पर हवाई हमला:सेना ने हवा में रॉकेट किए नष्ट, एक बच्ची घायल; पठानकोट एयरबेस के पास ड्रोन गिराया

शनिवार शाम 5 बजे भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर हो गया। इससे पहले आज ही पाकिस्तान ने हिमाचल प्रदेश में दो बार रॉकेट दागे। ग्रामीणों ने मुताबिक पंजाब से सटे इंदौरा के डमटाल में पहला धमाका सुबह साढ़े 10 बजे के करीब हुआ, जबकि दूसरा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। हालांकि हमारे एयर डिफेंस सिस्टम ने दोनों ही बार हवा में ही पाकिस्तान के रॉकेट को नष्ट कर दिया। इस पूरी घटना में किसी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
SDM डमटाल डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि इस हमले में एक लड़की को हल्की चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि दोनों जगह धमाके के बाद कुछ मलबा मिला है। पुलिस ने मलबे को कब्जे में ले लिया है। इनकी जांच जारी है। यह मिसाइल थी या रॉकेट जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। एसएचओ डमटाल कल्याण सिंह ने बताया कि इस हमले में दो मवेशी मारे गए हैं और बिजली की एक तार भी टूटी है। पठानकोट एयरबेस के पास सेना ने गिराया पाकिस्तानी ड्रोन
हिमाचल का इंदौरा क्षेत्र पंजाब के पठानकोट के साथ लगता है और यह दोनों धमाके पठानकोट से कुछ दूरी पर स्थित हिमाचल के डमटाल में हुए हैं।
डमटाल के अंतर्गत पड़ते गांव माजरा में जो पठानकोट एयरबेस के साथ लगता गांव है, वहां पर सुबह करीब 5 बजे भारतीय सेना ने एक ड्रोन को भी मार गिराया है, जिसकी सूचना मिलते ही थाना प्रभारी डमटाल कल्याण सिंह, पंजाब पुलिस तथा अर्ध सैनिक बल मौके पर पहुंचे। ड्रोन के अवशेषों को टीम अपने अपने साथ ले गई है। बीती रात भी हुई थी हमले की कोशिश
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पाकिस्तान की ओर से की गई हमले की कोशिश को भारतीय एयर डिफेंस ने नाकाम कर दिया। बीती रात करीब 1:30 बजे चिंतपूर्णी के बेहड़ भटेड़ गांव में रॉकेट का एक निष्क्रिय हिस्सा गिरा। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। धमाके की आवाज सुन कर लोग घरों से बाहर निकले। जंगल में हल्की आग लगी थी। धमाके से आसपास के घर भी हिल गए। सुबह 50 किलो वजनी गोला (बम) सा खेतों में पड़ा मिला। बता दें कि चिंतपूर्णी में माता का शक्तिपीठ भी है। जिस जगह रॉकेट का हिस्सा गिरा है, वह मंदिर से लगभग 10 किलोमीटर दूर है। ऊना प्रशासन पाकिस्तान के संभावित हमले को लेकर पहले ही अलर्ट है। रात को जिले में ब्लैक आउट रखा गया। हालांकि कुछ स्थानों पर सोलर लाइटें जल रही हैं। विधायक ने इनको रात को बंद करने के आदेश एसडीएम को दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शी ने रात को ये देखा
घटना के प्रत्यक्षदर्शी सर्वजीत ने बताया कि आसमान में रोशनी को देखते हुए उनके पालतू कुत्ते काफी देर से भौंक रहे थे। इसी दौरान एक जोरदार धमाका हुआ, इससे उनके घर से कुछ दूर जंगल में कुछ अवशेष आकर गिरे। इससे जंगल में आग लग गई। हालांकि बारिश के कारण आग चंद मिनटों में ही बुझ गई। सर्वजीत ने सबसे पहले इसकी सूचना तुरंत पंचायत प्रधान को दी। प्रधान ने पुलिस को सूचित किया। सर्वजीत ने कहा, धमाका इतना तेज था कि उनका पूरा घर हिल गया था। सर्वजीत ने सुबह स्थानीय विधायक बबलू और प्रशासन के अधिकारियों को रॉकेट गिरने की घटना को बड़े विस्तार से बताया। पंचायत प्रधान बोले- 50-60 किलो का गोला पड़ा मिला
भटेड़ गांव के पंचायत प्रधान हंसराज ने बताया कि ये घटना लगभग रात के डेढ़ बजे घटी है। बड़ी जोर का एक धमाका हुआ तो हम भी अपने बिस्तर से उठ गए कि क्या हुआ है। क्योंकि हालात ही ऐसे हैं, मौके पर जागना पड़ता है। उसके बाद फिर स्थानीय निवासी सर्वजीत का फोन आया। उसने बताया कि यहां पर एक धमाका हुआ है। उसके बाद हमने तुरंत भरवाईं थाने वालों को फोन करके जानकारी दी। सर्वजीत ने सुबह देखा कि उसके खेत में लगभग पचास-साठ किलो की एक गोलानुमा चीज पड़ी थी। एक्सपर्ट को मौके पर बुलाया
बेहड़ भटेड़ गांव में रॉकेट से किए इस हमले में फिलहाल किसी भी प्रकार के जानी नुकसान की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने आज सुबह रॉकेट पार्ट देख कर इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद चिंतपूर्णी पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच के लिए एक्सपर्ट मौके पर बुलाए गए। मौके पर पहुंचे विधायक बबलू
सूचना के बाद चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू भी मौके पर पहुंचे और रॉकेट के बारे में लोगों से बातचीत कर हालात का जायजा लिया। एक व्यक्ति ने बताया कि धमाके से उनका घर हिल गया। जंगल मे आग लग गई। छेड़छाड़ करते दिखे लोग
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया जिसमें, स्थानीय लोग रॉकेट के पार्ट के साथ छेड़छाड़ करते नजर आ रहे हैं। जहां पर रॉकेट का टूटा पार्ट मिला है, वो क्षेत्र पंजाब के साथ लगता एरिया है। यहां से कुछ दूरी पर बेहड़भटेड़ गांव है, जिसकी आबादी 300 से ज्यादा बताई जा रही है। देखें ऊना में गिरे रॉकेट के कुछ PHOTOS… लोगों ने पहले देखी रोशनी, फिर सुना धमाका
स्थानीय लोगों की मानें तो रात 1 बजकर 30 मिनट पर आसमान में पहले रोशनी सी देखी और धमाके के बाद रॉकेट का टूटा हुआ हिस्सा खाली जगह पर गिरा। स्थानीय लोगों ने आज सुबह के वक्त इसको देखा। इसके बाद मौके पर काफी संख्या में लोग भी पहुंचे। पुलिस और प्रशासन को भी इसकी सूचना दी गई है। ऊना में रात को था ब्लैकआउट, प्रशासन अलर्ट
ऊना के डीसी जतिन लाल ने बीती रात को पहले ही अलर्ट कर रखा था और क्षेत्र में पूरी तरह ब्लैक आउट था। स्थानीय प्रशासन ने प्रेस को एक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि रात लगभग 1:30 बजे अंब उपमंडल के तहत भरवाईं क्षेत्र के बेहड़भटेड़ गांव में गैर-आबादी वाले क्षेत्र में धातु का संदिग्ध उपकरण नुमा एक टुकड़ा पाया गया। प्रारंभिक जांच में यह टुकड़ा निष्क्रिय प्रतीत हो रहा है। अब विशेषज्ञों की टीम इसकी जांच में जुट गई है। एसपी बोले- सेना बताएगी रॉकेट है या मिसाइल
SP ऊना राकेश सिंह ने संदिग्ध उपकरण मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, यह उपकरण मिसाइल थी या रॉकेट, अभी इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। इसे लेकर सेना ही बेहतर बता पाएगी। चिंतपूर्णी निवासी साहिल ने बताया कि रात डेढ़ बजे वह सोए हुए थे। तभी धमाका हुआ। बाहर निकले तो एक जगह हल्की आग लगी हुई दिखाई दी। कुछ दूरी पर संदिग्ध उपकरण देखा गया। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। उन्होंने बताया कि जिस वक्त यह धमाका हुआ, तब लाइट बंद थी। सोलर लाइटें बंद करने के आदेश
दूसरी तरफ, वहीं चिंतपूर्णी में अलर्ट के बावजूद दो तीन जगह सोलर लाइट जल रही थीं। स्थानीय विधायक ने एसडीएम को यह सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए कि आज से सभी लाइट बंद कर दी जाए। इसके बाद एसडीएम ने सभी पंचायतों सचिवों को सोलर लाइट बंद करने को कह दिया है। हालात सामान्य होने तक चिंतपूर्णी और आसपास के सभी बाजार शाम 7 बजे बंद कर दिए जाएंगे। विधायक बोले- लोग डरें नहीं
विधायक सुदर्शन बबलू ने लोगों से पैनिक न होने की अपील की। उन्होंने ब्लैकआउट की एडवाइजरी का पालन करने और बिना काम के घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की शिकायत पर एसडीएम को सभी सोलर लाइट हर हाल में रात में बंद रखने को कह दिया गया है। डीसी बोले- सेना को दी जानकारी
डीसी ऊना जतिन लाल ने बताया कि बेहड़भटेड़ गांव में आज सुबह एक धातु का संदिग्ध टुकड़ा पाया गया है। इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों और सेना को दे दी गई है। सभी से अपील है कि किसी भी प्रकार का पैनिक न करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *