पाकुड़ में एक कोयला लदे हाइवा ने 60 वर्षीय महिला को कुचल दिया। बरहाबाद गांव की रहने वाली शांति देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना रामपुर गांव के पास पाकुड़-अमड़ापाड़ा लिंक रोड पर हुई। शांति देवी पाकुड़ शहर से टेंपो में अपने गांव लौट रही थीं। लिंक रोड के पास उतरकर वह पैदल जा रही थीं। इसी दौरान अमड़ापाड़ा की तरफ से आ रहे एक कोयला लदे हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी और फरार हो गया। टक्कर में महिला के दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए। पश्चिम बंगाल के एक निजी अस्पताल ले जाते वक्त हुई मौत आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने शांति देवी को सोनाजोड़ी सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। परिजन उन्हें पश्चिम बंगाल के एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे पर रास्ते में ही शांति देवी की मौत हो गई। मौत के बाद परिजन और ग्रामीणों ने अमड़ापाड़ा-पाकुड़ लिंक रोड को जाम कर दिया। उन्होंने मुआवजे की मांग की। मौके पर मौजूद ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि लिंक रोड में कोयला ढोते हाइवा काफी लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिसके कारण अक्सर दुर्घटना घटती है।


