पाकुड़ में जमीन ब्रोकर की चाकू मारकर हत्या:10 हमलावरों ने युवक को चाकू से गोदा, पान की दुकान से लौटते समय मारा

पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में होली के दिन एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। 40 वर्षीय देवराज सरकार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गंभीर रूप से घायल देवराज को आनन-फानन में सोनाजोड़ी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में करीब 10 लोगों की संलिप्तता सामने आई है। पान की दुकान से लौटते समय घेरकर किया हमला जानकारी के अनुसार, नंदीपाड़ा निवासी मेघनाथ सरकार के पुत्र देवराज सरकार उर्फ नेमुआ होली खेलने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे नंदीपाड़ा स्थित एक पान की दुकान पर कुछ सामान लेने के लिए रुके। दुकान से सामान लेकर जैसे ही वे घर की ओर बढ़े, तभी पहले से घात लगाए करीब 10 लोगों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर हालत में देवराज को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका मृतक के पिता मेघनाथ सरकार ने बताया कि उनके बेटे पर हमला करने के बाद सभी आरोपी मौके से भाग गए। उन्होंने बताया कि देवराज सरकार जमीन ब्रोकरी का काम करते थे। परिवार के अनुसार पहले भी जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों ने उनके घर पर हमला किया था। ऐसे में इस हत्या के पीछे जमीन से जुड़ा विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। देवराज अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शुरू की जांच, जल्द गिरफ्तारी का दावा घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद सोनाजोड़ी सदर अस्पताल में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल देखा गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *