पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज आंधी और बारिश ने तबाही मचा दी। खिदिरपुर गांव में आदेश मंडल के घर पर ताड़ का पेड़ गिर गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घर को नुकसान पहुंचा है। घटना के समय तेज हवा के साथ बिजली कड़क रही थी और बारिश हो रही थी। अचानक तेज आवाज के साथ ताड़ का पेड़ घर पर गिर गया। घर में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। आदेश मंडल का परिवार गरीब है और अब उनके सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। आम के पेड़ की मोटी डाली टूटकर जमीन पर गिर गई इसी दौरान हिरणपुर थाना परिसर में भी एक आम के पेड़ की मोटी डाली टूटकर जमीन पर गिर गई। सौभाग्य से घटना के समय वहां न तो कोई व्यक्ति था और न ही कोई वाहन खड़ा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस जगह पर आमतौर पर लोगों की भीड़ रहती है और बाइक खड़ी रहती हैं। इधर, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले में संज्ञान लेते हुए मुआवजा देने पर विचार करना चाहिए। पाकुड़ शहर में भी आंधी के साथ जोरदार बारिश हुई।


