सीमावर्ती गांव माड़ीमेघा से गिरफ्तार किए गए तस्करों को थाना खालड़ा की पुलिस ने पट्टी की अदालत में पेश कर उनका दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव माड़ीमेघा में पाकिस्तानी तस्करों द्वारा ड्रोन के जरिए भेजी गई पिस्तौल उठाने आए दो भाइयों इंद्रजीत सिंह व महाबीर सिंह निवासी गांव डल पहलवानके दराजके और उनके साथी दिलप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि दोनों भाइयों के खिलाफ वर्ष 2025 में थाना भिखीविंड में हथियारों की तस्करी का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वे जेल भी गए थे। तीन महीने पहले जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपियों ने दोबारा पाकिस्तानी तस्करों से संपर्क साधा और हथियार मंगवाने लगे। मामले की जांच कर रहे थाना खालड़ा के एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि दोनों भाई तस्करी के लिए अपने साथी दिलप्रीत के मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते थे। वे पाकिस्तानी तस्करों को व्हाट्सएप के जरिए लोकेशन साझा करते और उनके बताए ठिकाने पर पहुंच जाते थे। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उनके मंसूबों को नाकाम कर दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है।


