पाठ्यक्रमों, मूलभूत सुविधाओं व भविष्य निर्माण की जानकारी दी

भास्कर न्यूज | महासमुंद नगर के स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय के तत्वावधान में किए जा रहे पोषक विद्यालय संपर्क अभियान के तहत सोमवार को अंतिम दिन जिले के अंग्रेजी माध्यम के महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल का भ्रमण किया गया। इस दौरान जिले के उच्च शिक्षा आयोग के पत्र अनुसार विद्यालयों के कक्षा 11वीं व 12वीं में पढ़ रहे विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध पाठ्यक्रमों, मूलभूत सुविधाओं, भविष्य निर्माण की जानकारी दी गई। पोषक विद्यालय संपर्क अभियान का उद्देश्य बताते हुए प्रतिमा चंद्राकर ने जानकारी दी की विद्यार्थियों को कक्षा बारहवीं उत्तीर्ण होने के उपरांत जिले में स्थित एकमात्र अंग्रेजी माध्यम महाविद्यालय में प्रवेश लेने संबंधी जागरूक करना है। उन्होंने वर्तमान समय में अंग्रेजी माध्यम में अध्ययन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्तमान समय प्रतियोगिता का समय है, जिसमें छोटे शहरों में पढ़ रहे विद्यार्थियों को बड़े शहरों में पढ़ रहे विद्यार्थी के समानांतर अंग्रेजी में दक्षता प्राप्त करनी आवश्यक है। प्रतिमा चंद्राकर ने जानकारी दी कि सत्र 2023-24 से पूरे राज्य में सिर्फ 10 स्थान पर अंग्रेजी माध्यम शासकीय महाविद्यालय शुरू किए गए हैं। उसमें से महासमुंद में भी एक महाविद्यालय होने का सौभाग्य हमें प्राप्त है। जो विद्यार्थी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों से पढ़कर निकल रहे हैं उनके लिए यह एक वरदान से कम नहीं है। इसके बाद तरुण कुमार बांधे ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 जिसे 29 जुलाई 2020 की भारत के केन्द्रीय मंत्रिमंडल के अनुमोदित किया गया था। भारत की नई शिक्षा प्रणाली के दृष्टिकोण को रेखांकित करती है। नई शिक्षा नीति ने पिछली राष्ट्रीय शिक्षा नीति 1986, की जगह ले ली है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति प्राथमिक शिक्षा से उच्च शिक्षा के साथ-साथ ग्रामीण और शहरी भारत दोनों में व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए एक व्यापक रूपरेखा तैयार करती है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उद्देश्य भारत की शिक्षा प्रणाली को बदलना है और यह नीति भारत को बदलने में सीधे प्रकार से योगदान प्रदान करती है। इसका उद्देश्य धर्म, लिंग, जाति या पंथ के किसी भी भेदभाव के बिना, सभी को बढ़ने और विकसित होने के लिए एक समान मंच प्रदान करना है। हायर सेकंडरी की परीक्षा उत्तीर्ण होने के बाद विद्यार्थी अपने पढ़ाई के साथ-साथ महाविद्यालय में होने वाली विभिन्न गतिविधियों जैसे – राष्ट्रीय सेवा योजना, यूथ रेडक्रॉस , सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा को निखारने का मौका मिलता है। महाविद्यालय के ग्रंथालय में भी महाविद्यालयीन स्तरीय पुस्तकों के साथ -साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी पुस्तकें, पत्र- पत्रिकाएं उपलब्ध हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *