पाली में माइंस के पानी से 20 से ज्यादा गायों की मौत हो चुकी है। इतनी ही गायें बीमार हो गई हैं। पिछले 15 दिन से एक-एक कर गायें दम तोड़ रही हैं। पानी इतना जहरीला है कि गोचर भूमि में लगे पेड़-पौधे तक जल चुके हैं। मामला जिले से 22 किलोमीटर दूर बाला-कूरणा गांव का है। ग्रामीणों का कहना है कि इस एरिया में पत्थर की खदानों का पानी गोचर भूमि में छोड़ा जा रहा है। यह पानी दूषित है। दिनोंदिन हालात बिगड़ रहे हैं। यह पानी पीकर जो गायें जिंदा बची हैं, वह खड़ी तक नहीं हो पा रही हैं। ग्रामीण इन्हें पिकअप से दूसरी गोशाला में शिफ्ट कर रहे हैं।
100 से ज्यादा खदानें हैं
बाला और कूरना गांव के आसपास 100 से ज्यादा पत्थर की खदानें हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस एरिया में 500 बीघा में गोचर की जमीन है। ग्रामीण देवीसिंह ने बताया कि पिछले एक महीने से पत्थरों की खदानों में भरे बरसाती पानी को मड पंप लगाकर गोचर भूमि में छोड़ा जा रहा है। यही दूषित पानी पीने से गायों के पेट फुल रहे हैं और इनकी जानें जा रही हैं। फरवरी के पहले सप्ताह से लेकर अब तक 20 से ज्यादा गोवंश की मौत हो चुकी है। करीब 20 बीमार पशुओं को पाली पिंजरा पोल सहित अन्य गोशालाओं में इलाज चल रहा है। पेड़-पौधे भी जल रहे, जमीन हो रही खराब
बाला गांव के रहने वाले पप्पूराम सुथार बताते हैं कि माइंस के पानी से गोचर के पेड़-पौधों को भी नुकसान हो रहा है। ये जल जा रहे हैं। जमीन खराब हो रही है। ग्रामीण मांगूसिंह बताते हैं- गांव के बेसहारा पशुओं की देखभाल की जिम्मेदारी पूरे गांव ने उठा रखी है। एक बाड़ा बनाया गया है। यहां सभी मवेशियों को रखा जाता है। एक पशुपालक भी उन्होंने लगा रखा है। गांव में पानी के दो टैंक भी बने हुए थे। यहां पशु पानी पीते थे। पीएचईडी ने वहां से कनेक्शन काट दिए। ऐसे में अब ग्रामीण अपने खर्चे पर यहां पानी का टैंकर डलवाते हैं।
माइंस और PHED को लिखा लेटर
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉक्टर मनोज कुमार पंवार ने बताया- ग्रामीणों की शिकायत पर शुक्रवार को मौके पर गया था। यहां गोचर में माइंस का पानी फैला हुआ है। इस पानी को पीने की वजह से पशु बाीमार होकर मर रहे हैं। इसे लेकर माइंस विभाग सोजत को लेटर लिखा है ताकि वे माइंस संचालकों को गोचर में पानी खाली नहीं करने के लिए पाबंद करें। इसके साथ ही पीएचईडी को लेटर लिखा है कि वे गांव के टैंक में वापस पानी का कनेक्शन करें ताकि पशुओं को पीने के लिए फ्रेश वाटर मिल सके।
—- राजस्थान में गायों की मौत की यह खबर भी पढ़िए… लंपी से 22 गायों की मौत, हर दिन एक केस, 17 दिन में 80 से ज्यादा बीमार गोवंश आइसोलेशन सेंटर लाया गया राजस्थान में 4 साल पहले गायों में फैले लंपी वायरस के कारण कई गोवंशों की मौत हो गई थी। करीब 4 महीने पहले एक बार फिर लंपी के केस सामने आने लगे थे। कोटा में 17 दिन में 80 से ज्यादा गाय इस वायरस के कारण बीमार पड़ी थीं। 22 गोवंशों की मौत हो चुकी थीं। पढ़ें पूरी खबर…


