पानी में डूबने से जुड़वा बहनों समेत 3-बच्चों की मौत:मां की हालत गंभीर, दादा-दादी खेत से लौटे तो टांके में तैरती मिली बॉडी

नागौर में टांके में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। वहीं उनकी मां की हालत गंभीर है। घटना सदर थाना क्षेत्र के बसवाणी गांव में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे की है। बच्चों के दादा-दादी खेत पर काम करने गए हुए थे। जब वे लौटे तो घर के बाहर बने टांके का ढक्कन खुला मिला। झांककर देखने पर अंदर मां और तीनों बच्चों की बॉडी पानी में तैर रही थी। यह देखते ही वे चिल्लाए। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर चारों को टांके से बाहर निकाला। परिजन और पड़ोसी उन्हें जेएलएन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। जुड़वा बहन गुंजन (5) व अनुष्का (5) और उनके भाई रुद्र (2) की मौत हो गई। उनकी मां मंजू देवी (25) का इलाज चल रहा है। सदमे में दादी की भी बिगड़ी हालत घटना के बाद बच्चों की दादी साबुड़ी देवी की तबीयत भी बिगड़ गई। वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। उनकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है। बच्चों के दादा प्रहलाद राम भी गम में डूबे हुए हैं। बच्चों के पिता रामप्रसाद खजवाना (जैसलमेर) में ईंट भट्टे पर मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर देर रात घर पहुंचे। सात भाइयों के इस परिवार में रुद्र इकलौता पोता था। सदर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे खेलते समय टांके में गिरे या घटना के पीछे कोई और कारण है। महिला की हालत में सुधार होने के बाद ही सही कारण पता चल सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *