भास्कर न्यूज |लुधियाना जनकपुरी इलाके में बुधवार दोपहर मामूली बात को लेकर हिंसा भड़क उठी। गली में पानी गिरने की बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि 5 से 7 युवकों ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पीड़ित को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा और बियर की बोतलों से भी वार किए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित संदीप वासी अमृतसर हाल जनकपुरी ने बताया कि वह कुछ समय पहले ही लुधियाना आया है, के परिजनों ने बताया कि उसका बेटा घर के बाहर टी-शर्ट और तौलिया सुखा रहा था। इसी दौरान कुछ पानी गली में गिर गया और वहीं से गुजर रहे एक बुजुर्ग पर पानी की कुछ बूंदें पड़ गईं। आरोप है कि बुजुर्ग ने गुस्से में गाली-गलौज शुरू कर दी। संदीप की पत्नी ने समझाने की कोशिश की और माफी भी मांगी, लेकिन बुजुर्ग का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उसने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में 5 से 7 युवक मौके पर पहुंचे और संदीप पर हमला कर दिया। जब मोहल्ले की महिलाएं और स्थानीय लोग बचाव के लिए आए तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और बदसलूकी की गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया। संदीप को दो बार थाने बुलाया गया, इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं मामले में जनकपुरी चौकी पुलिस का कहना है कि मामला उनके ध्यान में है।


