भास्कर न्यूज | रायगढ़ कोतवाली और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन रोड स्थित पान और कॉस्मेटिक दुकान के संचालक को सार्वजनिक स्थान पर युवक-युवतियों को हुक्का पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने दुकान से हुक्का पॉट और फ्लेवर तंबाकू भी जब्त किया है। सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास शंकर पान और कॉस्मेटिक दुकान में संदेहास्पद गतिविधियां हो रही हैं। इस पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि दुकान संचालक गिरीश भाटिया (36 वर्ष), निवासी पक्की खोली, चक्रधर नगर रायगढ़, दुकान में सार्वजनिक रूप से हुक्का पिलाने की सुविधा दे रहा था, जिसमें फ्लेवर युक्त तंबाकू का उपयोग किया जा रहा था। दुकान संचालक का यह कार्य सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (कोटपा एक्ट) का उल्लंघन पाया गया। पुलिस ने दुकान में रखे हुक्का पॉट और फ्लेवर तंबाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।


