सरायकेला में शुक्रवार की रात सोनू सरदार की हत्या मामले में पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इसमें आशीष गोराई, अनिल सरदार, विश्वजीत नायक, आनंद दास और सूरज मार्डी शामिल हैं। मास्टरमाइंड बीरबल सरदार है जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। प्रथम दृष्टया यह मामला अवैध कारोबार से जुड़ा पता चला है, जिसका सोनू सरदार विरोध कर रहे थे। इसी वजह से उनकी हत्या की गई है। मंगलवार को एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि अपराधियों के पास से घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम का लोडेड पिस्तौल, 7.65 एमएम की चार जिंदा गोली, पिस्तौल का खाली मैगजीन, घटना में प्रयुक्त लोडेड देशी कट्टा, एक देसी कट्टा का जिंदा गोली, घटना में प्रयुक्त तीन बाइक बरामद की गई है। सोनू की गोली मारकर की गई थी हत्या
13 दिसंबर की रात सरायकेला-खरसावां पारा शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सह यशपुर पंचायत की मुखिया पार्वती सरदार के पति सोनू सरदार (45) की अपराधियों ने उनके घर से 500 मीटर दूरी पर बडड़ीह स्कूल परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस वक्त सोनू एक मुंह जूठी समारोह में शामिल होकर अकेले कार से घर लौट रहे थे। घर नहीं पहुंचने पर पत्नी मुखिया पार्वती सरदार ने फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद पार्वती ने सोनू के दोस्तों को फोन किया। दोस्त व उनके चचेरे भाई ने खोजबीन की तो स्कूल के पास कार में सोनू सरदार का शव खून से लथपथ मिला था।


