भास्कर न्यूज | बेमेतरा छत्तीसगढ़ विश्वकर्मा झेरिया लोहार समाज द्वारा आयोजित युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं पारिवारिक मिलन समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आशीष छाबड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्धजन, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। छाबड़ा ने कहा कि युवक-युवती परिचय सम्मेलन समाज की अनुकरणीय पहल है। इससे विवाह योग्य युवाओं को उपयुक्त जीवनसाथी चुनने में सुविधा मिलती है और अनावश्यक खर्चों में भी कमी आती है। ऐसे आयोजनों से समाज के लोग एक मंच पर आकर आपसी संवाद बढ़ाते हैं, जिससे सौहार्द और एकजुटता मजबूत होती है। उन्होंने वर्तमान आडंबरपूर्ण जीवनशैली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पारिवारिक मिलन जैसे आयोजन सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं और लोगों को सुख-दुख साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही समाज के प्रबुद्धजनों से विशेष रूप से बालिका शिक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव रामस्वरूप विश्वकर्मा, कार्यकारिणी अध्यक्ष राधेलाल विश्वकर्मा, संरक्षक भोजराम विश्वकर्मा, मुकुर राम विश्वकर्मा सहित माधुरी रवि परगनिया, तुलसी पटेल, शुभम, सीमा टिकरिया, सुरेश विश्वकर्मा, बलदाऊ शर्मा समेत समाज के गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।


