गुमला| सदर थाना क्षेत्र के बाम्हनी गांव में आपसी विवाद को लेकर भाई-बहन का रिश्ता तार-तार हो गया। अपने ही चचेरे भाइयों की दबंगई और बेरहमी का शिकार हुई 23 वर्षीय युवती करिश्मा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई है। मारपीट की इस घटना में करिश्मा का बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया है, जिसका इलाज वर्तमान में गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है। पीड़िता करिश्मा कुमारी (पिता- बुधवा उरांव) द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार घटना गुरुवार शाम की है। करिश्मा ने बताया कि उसने अपने छोटे भाई को किसी बात को लेकर डांटा और समझाया था। बहन द्वारा भाई को दी गई यह सीख चचेरे भाइयों को नागवार गुजरी। आरोप है कि चचेरे भाई पवन उरांव और उसके साथियों ने करिश्मा पर झूठे आरोप लगाने शुरू कर दिए और गाली-गलौज करने लगे। विवाद इतना बढ़ा कि चचेरे भाइयों ने आपा खो दिया और हाथ में डंडा लेकर करिश्मा पर हमला कर दिया। प्रहार इतना जोरदार था कि करिश्मा का बायां हाथ टूट गया और वह दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर पड़ी। शोर सुनकर परिजनों ने बीच-बचाव किया और आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल पहुंचाया।पीड़िता ने गुमला सदर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है कि एक मामूली पारिवारिक बात पर युवती के साथ इस कदर हिंसा की गई।


