प्रदेश कांग्रेस ने गैर दलीय आधार पर हो रहे निकाय चुनाव में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के विरुद्ध चुनाव लड़ने वाले एक दर्जन बागी उम्मीदवारों पर कार्रवाई की है। इनमें राज्य के तीन नगर निगम में मेयर का चुनाव लड़ने वाले 4 लोग शामिल हैं। जबकि नगर परिषद का चुनाव लड़ने वाले 8 लोग शामिल हैं। नगर निगम में मेयर का चुनाव लड़ने वालों में गिरिडीह नगर निगम में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी डा. समीर राज चौधरी के खिलाफ 2 लोग पंकज सागर आैर जुगेश्वर महता चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने पार्टी की बात नहीं मानी और चुनाव मैदान में बने रहे। इसलिए दोनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। इसी तरह से चास नगर निगम में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार जमील अंसारी के विरुद्ध चुनाव लड़ने वाले सुल्तान अहमद आैर मानगो नगर निगम में पार्टी प्रत्याशी सुधा गुप्ता के विरुद्ध चुनाव लड़ने वाली जेबा खान को भी निलंबित कर दिया गया है। इसी तरह से मिहिजाम नगर परिषद की कांग्रेस समर्थित पार्टी प्रत्याशी कविता देवी के विरुद्ध चुनाव लड़ने वाली बेबी पासवान, चतरा नगर परिषद में पार्टी समर्थित प्रत्याशी बसीर निजामुद्दीन के विरुद्ध चुनाव लड़ने वाले बागी प्रत्याशी राजवीर, कपाली नगर परिषद में पार्टी समर्थित प्रत्याशी तस्लीमा खातून के विरुद्ध चुनाव लड़ने वाले मो इरफान के विरुद्ध भी निलंबन की कार्रवाई की गई है। सिमडेगा नगर परिषद में पार्टी समर्थित प्रत्याशी सेराफिनुस कुल्लू के खिलाफ चुनाव लड़ने वाली बागी प्रत्याशी पुष्पा कुल्लू को निलंबित किया गया है। इधर लोहरदगा में यहां यूथ कांग्रेस के महासचिव विशाल डुंगडुंग आैर कांग्रेस नेता सतीश रंजन उरांव को जिला कमेटी ने निष्कासित कर दिया था। हालांकि बाद में दोनों का निलंबन समाप्त कर दिया।


