पार्षद पति ने कहा- नशा बेचने से रोका तो हमला, पुलिस ने भांजी की लव मैरिज पर नाराजगी को बताया वजह

भास्कर न्यूज | अमृतसर वार्ड नंबर 7 की आप पार्षद काजल के घर पर शुक्रवार रात 12.40 बजे 4 युवकों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने घर के मेन गेट पर दातर से कई वार भी किए और गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए। घटना के वक्त पार्षद अपने पति और बच्चों के साथ घर में ही सो रही थीं। पुलिस ने मामले में 4 के खिलाफ केस दर्ज कर एक आरोपी को काबू कर लिया है। जानकारी के मुताबिक गोलियों की आवाज सुनकर पार्षद काजल के पति इंद्रजीत सिंह उर्फ बॉबी और आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए। लोगों को आता देख सभी हमलावर मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही चौकी फैजपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर बॉबी का बयान दर्ज किया। बॉबी ने दावा किया कि उनकी पत्नी पार्षद हैं और इलाके में नशा बेचने वालों के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। हमलावर इलाके के ही रहने वाले हैं और नशा बेचने का काम करते हैं। कई बार उन्हें नशा बेचने से रोका था, इसी रंजिश में घर पर हमला किया गया। हालांकि पुलिस जांच में घटना का एक अलग पहलू सामने आया है। एसीपी गगनदीप सिंह के मुताबिक बॉबी की भांजी विदेश में पढ़ाई कर रही है और उसका फैजपुरा निवासी संजू नाम के युवक के साथ प्रेम संबंध था। दोनों ने हाल ही में प्रेम विवाह कर लिया था। परिवार ने इस मामले को लेकर जालंधर कोर्ट में याचिका भी दायर की हुई है और युवक के बैकग्राउंड की जांच कर रहे थे। इसी बात से नाराज होकर संजू अपने साथियों विनय कुमार, जस्सी और राहुल के साथ आधी रात को बॉबी के घर के बाहर पहुंचा। आरोपियों ने पहले गेट पर तेजधार हथियारों से वार किए और बाद में जस्सी ने पिस्तौल से घर की दीवार पर 4-5 गोलियां चला दीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विनय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि संजू समेत 3 अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *