पालीगुड़ा स्कूल में 8वीं के विद्यार्थियों को दी गई विदाई, सांस्कृतिक प्रस्तुति भी हुई

भास्कर न्यूज|पिपरिया ग्राम पालीगुड़ा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक स्कूल में शुक्रवार को कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों का विदाई समारोह हुआ। इस अवसर पर स्कूल के पूर्व प्रधानपाठक व वर्तमान प्राचार्य सेजेस पोड़ी संजय गुप्ता को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। वहीं नए प्रधानपाठक लखन लाल वार्ते का स्वागत किया गया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। गीत, नृत्य और कविताओं के माध्यम से बच्चों ने अपने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि विद्यालय में बिताए गए वर्ष उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेंगे। विद्यालय परिवार की ओर से संजय गुप्ता को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने उनके कार्यकाल को अनुशासन, शैक्षणिक गुणवत्ता और नवाचार के लिए याद किया। वहीं नवनियुक्त प्रधानपाठक लखन लाल वार्ते का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। बच्चों को कराया न्योता भोज: शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष जगेसर धुर्वे ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए न्योता भोज की व्यवस्था की। कार्यक्रम में संकुल समन्वयक महेंद्र जांगड़े, हलधर नाथ योगी, भीष्म पांडेय, प्रधान पाठक मधुलिका शर्मा, प्रधान पाठक अर्चना शर्मा, शिक्षिका सीमा शर्मा और प्रकाश चंद साहू सहित स्टाफ उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *