आमजन की सुविधा और पुलिस सेवाओं की पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस की ओर से शुरू गए राजकॉप सिटीजन ऐप के पेम्पलेट गुरुवार को कालिका टीम की सदस्य शहर भर में चस्पा करती नजर आई।
उन्होंने पाली शहर के बांगड़ हॉस्पिटल, स्कूल-कॉलेजों में और आस-पास के क्षेत्रों में राजकॉप सिटीजन ऐप के पोस्टर चस्पा किए। इसके साथ ही बड़े वाहनों और स्कूली बसों पर भी पोस्टर चस्पा किए गए।
इसको लेकर महिला अनुसंधान सैल के प्रभारी एएसपी नरेन्द्रसिंह देवड़ा ने कहा कि आम लोगों में ऐप के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जगह-जगह पोस्टर चस्पा करवाए जा रहे है ताकि ज्यादा से ज्यादा शहरवासियों को इसके बारे में पता चले और किसी भी स्थिति में खास कर महिलाएं और बालिकाएं इस ऐप के जरिए पुलिस की मदद ले सके। गुरुवार को कालिका पेट्रोलिंग टीम की भंवरी, इमरती, राधा, संगीता, भजना, राधा विश्नोई, संगीता जीनगर, पींकू, अनुसूईया, विनोद कंवर, मनोज कंवर, छोटू कंवर आदि महिला कांस्टेबल राजकॉप सिटीजन ऐप के पोस्टर चस्पा करती दिखी।
ऐप से आमजन को मिलने वाली सुविधा
यह ऐप आम नागरिकों को न सिर्फ शिकायत दर्ज करने की सुविधा देता है, बल्कि शिकायत की गोपनीयता, पारदर्शिता और ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं भी प्रदान करता है। मोबाइल से कहीं से भी शिकायत दर्ज की जा सकती है। थाने में जाने की आवश्यकता नहीं। शिकायत पूरी तरह गोपनीय और पारदर्शी रहती है। यूज़र अपनी शिकायत की स्थिति को कभी भी ट्रैक कर सकते हैं। समयबद्ध समाधान और तेज़ रेस्पॉन्स प्रक्रिया सुनिश्चित की गई है। राजस्थान पुलिस ने इस ऐप को “सिर्फ एप्लिकेशन नहीं, समाधान है!” की टैगलाइन के साथ लॉन्च किया था। यह पहल ‘डिजिटल इंडिया’ मिशन के तहत पुलिस व्यवस्था को अधिक तकनीकी और जनता के अनुकूल बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम जैसा है।
ये नागरिक सेवाएं भी उपलब्ध
-इस ऐप के जरिए आप अपनी एफआईआर डाउनलोड कर सकते हैं। हालांकि अभी यह फीचर बंद है।
-पुलिस सम्पर्क निर्देशिका, पुलिस थानों से लेकर पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नंबर जान सकते हैं
-आप अपने किराएदार या नौकर का पुलिस सत्यापन करवा सकते हैं।
-साइबर फ्रॉड की सूचना और रिपोर्ट करवा सकते हैं।
-आप अपनी पंजीकृत शिकायत को ट्रेक कर सकते हैं।
-एसओएस पेनिक बटन से तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं।


