पाली में रविवार सुबह सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल हो गया। तीनों युवक बाइक से मजदूरी पर जा रहे थे, तभी खोड गांव के पास सामने से आ रही एक निजी बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दो की मौके पर ही मौत हो गई और तीसरे को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर करना पड़ा। मजदूरी के लिए निकले थे, रास्ते में मौत से सामना गुड़ा एंदला थाना SHO शिव नारायण ने बताया – तीनों युवक सुबह बाइक से काम पर जा रहे थे। खोड गांव के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही निजी बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। दो की मौके पर मौत, एक की हालत नाजुक हादसे में खोड गांव निवासी गिरधारी (46) पुत्र वालाराम, श्रवण (38) पुत्र ताराराम की मौत हो गई। वहीं चांगवा गांव (खोड) निवासी भेराराम पुत्र रामलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पाली के बांगड़ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में भिजवाया। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


