पाली में पड़ोस की युवती को भगा ले जाने पर एक परिवार को ग्रामीणों ने गांव से बाहर कर दिया। इतना ही नहीं परिवार से यदि कोई बात करता है तो उस पर 5 लाख जुर्माना भी लगाया है। इस मामले में पीड़ित परिवार की ओर से थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। आरोप लगाया कि उनके मकान में गंदगी फेंकी गई और हमला भी किया गया। दरअसल, 24 साल के युवक को अपने पड़ोस में रहने वाली लड़की से प्यार हो गया। इस पर शादी करने की नीयत से करीब दो महीने दोनों घर से निकल गए और आर्य समाज में जाकर शादी कर ली। गांव से किया बेदखल
घटना को लेकर लड़के के परिजनों ने थाने में चार जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। इसमें बताया कि इस बात से नाराज लड़की के परिजन और कुछ ग्रामीण 14 जनवरी 2026 को उनके घर के बाहर एकत्रित हुए और उनके परिवार को गांव से बेदखल करने की बात कही। साथ ही उनके साथ कोई व्यवहार रखता है तो उस पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाने की बात कही। आरोप है कि उसके घर पर हमला भी किया गया और मकान को नुकसान पहुंचाया गया और कीचड़ फेंका गया। रिपोर्ट में बताया कि 8 और 17 फरवरी को भी उनके घर पर हमला किया गया। इससे उन्हें जान का खतरा है। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की।


