पाली शहर के प्रसिद्ध पूनागर भाकरी माताजी मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में घुसकर चांदी के छत्र व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मंदिर में लगे CCTV कैमरों में तीन नकाबपोश बदमाश वारदात को अंजाम देते नजर आए हैं। घटना को लेकर मंदिर पुजारी ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है। चांदी के छत्र और चढ़ावा ले गए मंदिर के पुजारी भोला पुरी शिष्य आनंद पुरी ने बताया कि 26 फरवरी की देर रात 1 बजे के करीब रात तीन नकाबपोश युवक पूनागर भाकरी स्थित मंदिर पहुंचे और ताले तोड़कर अंदर घुस गए। आरोपियों ने पहले पूनागर माता मंदिर का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने परिसर में स्थित बालाजी मंदिर और भैसागर माता मंदिर के ताले तोड़ दिए। यहां से 7 से 8 चांदी के छत्र और नकदी चोरी कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।


