पाली में सोमवार दोपहर एक हादसा हो गया। सुमेरपुर रोड स्थित बांडी नदी की रपट पर एक इलेक्ट्रिक टेम्पो असंतुलित होकर नदी में जा गिरा। हादसे में टेम्पो चालक घायल हो गया, जबकि वाहन को भी काफी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात सुचारु कराया। रपट पर बेकाबू होकर नदी में गिरा कोतवाली थाने के एएसआई जगदीश कुमार ने बताया कि चालक पाली शहर से सुमेरपुर की ओर इलेक्ट्रिक टेम्पो लेकर जा रहा था। रपट पर पहुंचते ही वाहन का संतुलन बिगड़ गया और टेम्पो चालक सहित नदी में गिर गया। हादसे में चालक को चोटें आईं, हालांकि राहत की बात यह रही कि उसे गंभीर चोट नहीं आई। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त टेम्पो को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


