पाली में 2 बच्चों की 30 वर्षीय मां की संदिग्ध हालत में शनिवार रात को मौत हो गई। पीहर पक्ष की ओर से हत्या की आशंका जताते हुए गुड़ा एंदला थाने में रिपोर्ट दी और पोस्टमार्टम के लिए राजी नहीं हुए। ऐसे में बॉडी बांगड़ हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाई गई है। गुड़ा एंदला थाने के ASI समुंद्रसिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के काणदरा गांव निवासी 30 वर्षीय नीलम कंवर पत्नी अमरसिंह को शनिवार रात को बांगड़ हॉस्पिटल से प्राथमिक इलाज के बाद जोधपुर रेफर किया गया था लेकिन बीच रास्ते उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर मृतका के भाई जोधपुर जिले के भासरणा गांव (लूणी) निवासी भरतसिंह पुत्र जोगसिंह ने रिपोर्ट दी। जिसमें आरोप लगाया कि 31 जनवरी को उसकी बहन नीलम कंवर को उसके पति अमरसिंह, सास सहित अन्य लोगों ने जहर दे दिया। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। सूचन मिलने पर शनिवार को वे भी पाली के बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचे। जहां से रात को हालत गंभीर होने पर उसे जोधपुर रेफर किया गया। लेकिन बीच रास्ते उसकी मौत हो गई।
रिपोर्ट में आरोप लगाया कि नीलम कंवर को उसका पति अमरसिंह व ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए परेशान करते थे। इसके चलते वह आठ महीने पीहर में भी अपने दो बच्चों को लेकर बैठी रही। बाद में समझाइश कर उसे ससुराल भेजा। लेकिन 31 जनवरी को उसके पति व ससुराल के अन्य लोगों ने उससे मारपीट की ओर जहर दे दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले में गुड़ा एंदला थाने के ASI समुंद्रसिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। मृतका के परिजनों से समझाइश जारी है। संभवत सोमवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाएंगे।
करीब 13 साल पहले हुई थी शादी
मृतका नीलम की सामाजिक रीति-रिवाज अनुसार करीब 13 साल पहले अमरसिंह से शादी हुई थी। शादी के बाद दो बच्चे हुए। एक 13 साल का तो दूसरा पांच साल का है।


