पाली में बुधवार दोपहर को नगर निगम के सफाईकर्मी निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज के ऑफिस के बाहर धरने पर बैठे गए और जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि हर महीने की एक-दो तारीख को अकाएंट में सैलेरी आ जाती है लेकिन इस बार ऐसा हुआ है कि 11 फरवरी हो जाने के बाद भी सैलेरी नहीं आई है। ऐसे में उन्हें घर खर्च चलाने में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। कईयों ने लोन ले रखे है। समय पर किश्त नहीं भरने के कारण सीविल खराब हो रहा है और पैलेंटी लग रही है।
इस पर आयुक्त नवीन भारद्वाज ने उन्हें कहा कि निगम की आय इतनी नहीं कि सभी 650 कर्मचारियों की सैलेरी की व्यवस्था अपने स्तर पर कर सके। इसलिए डीएलबी जयपुर से सैलेरी आती है। इस बार किसी कारण से लेट हो गई। संभवत अगले एक-दो दिन में आ जाएगी। उन्होंने सभी के सामने कॉल कर सैलेरी कब तक जमा हो जाएगी इसको लेकर जयपुर बात की। उसके बाद सफाईकर्मी शांत हुए और धरना समाप्त किया। इससे पहले सभी नगर निगम से रैली के रूप में कलेक्ट्रेट गए और वहां एडीएम सीलिंग ओमप्रभा को ज्ञापन सौंप सैलेरी जल्द दिलवाने की मांग की।
इस दौरान पाली जिला नगर पालिका कर्मचारी फेडरेशन के जिलाध्यक्ष मदन तेजी, शहरध्यक्ष बादलसिंह मेड़तिया, शहर महामंत्री नरेश चौधरी, सलाहकार राजेन्द्र घावरी, अर्जुन सहित कई सफाईकर्मी और निगम कार्मिक धरने पर मौजूद रहे।


