पाली में पारिवारिक रंजिश के चलते 2 पक्षों में झगड़ा हो गया। इस झगड़े में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। इससे गुस्साए परिवार के लोगों ने आरोप पक्ष के घरों पर हमला कर तोड़फोड़ की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सीओ सुमेरपुर जितेंद्र सिंह ने बताया- रंजिश के चलते नाना थाना क्षेत्र के बोथरा फली (ठंडी बेरी) में दो परिवारों में शनिवार को झगड़ा हो गया था। इसमें एक पक्ष के 65 साल के बीताराम उर्फ पीताराम गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए परिजन अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई। इससे गुस्साए मृतक के परिवार के लोगों ने आरोपी परिवार के घरों पर हमला कर तोड़फोड़ की। सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गांव में फिलहाल सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात है और शांति व्यवस्था बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ASP बाली बोले- पोस्टमार्टम के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा मामले में बाली एएसपी चैनसिंह महेचा ने बताया कि दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश है। जो एक ही परिवार से है। मृतक की उपचार के दौरान मौत हो गई। उनके गले पर कुछ निशान मिले है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का खुलासा होगा। रविवार को मृतक के परिवार के लोगों ने आरोपी परिवार एक-दो झोपड़े जलाए। सूचना पर मौके पर पहुंचे। फिलहाल इनकी ओर से रिपोर्ट नहीं दी गई है। मौके पर भारी पुलिस जाप्ता सुरक्षा को लेकर तैनात किया है।


