पाली में SIR की फाइनल वोटर लिस्ट में 27 हजार 633 मतदाता बढ़ गए हैं। अब जिले में कुल 14 लाख 15 हजार 156 मतदाता हो गए हैं। इसमें सबसे ज्यादा मतदाता 9,558 सुमेरपुर विधानसभा में बढ़े हैं। वहीं सबसे ज्यादा नाम पाली में 2,996 काटे गए हैं। पाली में शनिवार को जिला मजिस्ट्रेट एलएन मंत्री ने फाइनल वोटर लिस्ट जारी की। इसमें 7 लाख 39 हजार 598 पुरुष और 6 लाख 75 हजार 530 महिला मतदाता हैं। बता दें कि मतदाताओं की प्रारूप सूची जारी करने समय 13 लाख 87 हजार 523 मतदाता थे। सबसे ज्यादा सुमेरपुर में जुड़े, पाली में सबसे ज्यादा नाम कटे पाली जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में सबसे ज्यादा नाम सुमेरपुर विधानसभा में 9558 जुड़े है। जहां से मंत्री जोराराम कुमावत आते हैं। वहीं सबसे ज्यादा नाम पाली विधानसभा क्षेत्र में 2996 कटे हैं। जहां कांग्रेस से भीमराज भाटी विधायक हैं। साथ ही विधानसभा सुमेरपुर क्षेत्र में 815 नाम कटे भी हैं। पाली विधानसभा क्षेत्र में 7115 नाम जोड़े भी गए हैं। लिस्ट में देखें अपनी विधानसभा सीट 16 दिसंबर तक आई थी आपत्तियां पाली जिला मजिस्ट्रेट एलएन मंत्री ने शनिवार दोपहर को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस को संबोधित किया। उन्होंने बताया- आयोग की ओर से जारी किए गए कार्यक्रम के तहत 16 दिसंबर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किए गए। इस दौरान जिले में 33,466 फॉर्म-6, 5,320 फॉर्म-7 तथा 11,210 फॉर्म-8 प्राप्त हुए थे। निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा दावे एवं आपत्तियों के प्राप्त पत्रों की सूची फॉर्म 09, 10, 11, 11-ए, 11-बी में तैयार की गई और ऐसी सूची राजनीतिक दलों से शेयर की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन जारी की गई। फाइनल वोटर लिस्ट में 1.99% बढ़ोतरी पूर्व में प्राप्त समस्त फॉर्म तथा दावे-आपत्तियां की अवधि 16 दिसंबर 2025 से 19 जनवरी 2026 में प्राप्त समस्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/ सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की ओर से किया गया। 21 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अन्तिम प्रकाशन किया गया। इस तरह जिले में प्रारूप मतदाता सूची में कुल 13,87,523 मतदाताओं में 1.99 प्रतिशत वृद्धि के बाद अब कुल मतदाताओं की संख्या 14 लाख 15 हजार 156 है। जिनमें पुरुष 7,39,598, महिला 6,75,530 तथा ट्रांसजेंडर 28 हैं। यह लिस्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) की बेवसाइट https://election.rajasthan.gov.in तथा https://voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन उपलब्ध है तथा कोई भी मतदाता इस सूची में अपना नाम ऑनलाइन EPIC सर्च के माध्यम से देख सकता है। सोजत में सबसे ज्यादा महिला वोटर्स पाली जिले में सोजत विधानसभा क्षेत्र में 1000 पुरुष मतदाता की तुलना में 943 महिला मतदाता हैं। जो जिले में सबसे ज्यादा हैं। इसके साथ ही सुमेरपुर विधानसभा में 1000 पुरुष मतदाता और 896 महिला मतदाता ही है। इसी तरह पाली विधानसभा क्षेत्र में एक हजार पुरुष मतदाता के सामने 923, मारवाड़ जंक्शन में 899, बाली विधानसभा क्षेत्र में प्रति एक हजार पुरुष मतदाताओं के सामने 912 महिला मतदाता है।


