पाली शहर के निकट स्थित लाम्बिया गांव में सीरवी समाज के आराध्य संत गुलाराम महाराज का 57वां मेला और सत्संग महोत्सव 5 जनवरी को क्षत्रिय सीरवी समाज विकास सेवा संस्था की ओर से आयोजित किया जा रहा है। इसको लेकर पूरे गांव को सजाया गया है। मेले में भाग लेने के लिए शनिवार को पाली शहर के रामदेव रोड महात्मा गांधी कॉलोनी से पैदल संघ नाचते-गाजे संत गुला महाराज के जयकारे लगाते हुए रवाना हुआ। जो शाम चार बजे के करीब लांबिया पहुंचा। जहां आयोजक समिति की ओर से पैदल संघ का स्वागत किया गया। सीरवी नवयुवक सेवा समिति पाली के अध्यक्ष दिनेश परिहार ने बताया कि पैदल संघ में घीसूलाल सोयल, पूनाराम राठौड़, ढलाराम सोलंकी, ओगड़राम सोलंकी, अमराराम राठौड़, खीवराज हाम्बर, ढलाराम परमार, मोहन भायल शामिल रहे। पाली के बांगड़ कॉलेज गेट के पास आई माता मंदिर जनता कॉलोनी पाली के अध्यक्ष लुम्बाराम गहलोत, डूंगाराम चोयल और उनकी कार्यकारिणी ने पैदल संघ का स्वागत किया। रविवार को लांबिया गांव में सुबह नौ बजे स्वागत समारोह होगा। उसके बाद आरती और महाप्रसादी का आयोजन होगा। इस दौरान भक्ति संध्या का आयोजन भी होगा। जिसमें महेंद्र मोयल एण्ड पार्टी, संदीप सेजू दूदौड़, अनिता जांगिड़, दीपाराम सीरवी कानावास, ताराराम सीरवी गोदावास आदि भजन कलाकार भजनों की प्रस्तुति देंगे।


