कोटपूतली के पावटा कस्बे में एक पागल कुत्ते ने अलग-अलग जगहों पर अचानक हमला कर 13 लोगों को घायल कर दिया। इनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ते ने प्रभात कॉलोनी और नाई के मोहल्ले सहित कई जगहों पर राहगीरों पर हमला किया। शोर मचाने पर कुत्ता मौके से भाग गया, लेकिन तब तक कई लोग घायल हो चुके थे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपजिला अस्पताल पावटा पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए। घिसी देवी मीणा (60), विकास सिंह (40) और शांति देवी मीणा (72) की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया। 13 लोगों को घहरे घाव, जयपुर रेफर उपजिला अस्पताल पावटा के डॉक्टर रवि बंसल और डॉ. राजेश डूचानिया ने बताया- अस्पताल में कुल 13 मरीज लाए गए थे, जिन्हें आवश्यक उपचार और एंटी-रेबीज वैक्सीन दी गई। तीन मरीजों को गहरे घाव और ज्यादा खून बहने के कारण जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन हुआ अलर्ट पावटा एसडीएम डॉ. साधना शर्मा ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा- कस्बे में पागल कुत्ते द्वारा कई लोगों को काटने की सूचना मिलते ही प्रशासन अलर्ट हो गया है। नगर पालिका और चिकित्सा विभाग को तुरंत आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कुत्तों को पकड़ने के लिए कार्रवाई तेज प्रभावित क्षेत्रों में टीम भेजकर आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आमजन से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध पशु की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की। घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है। नगर पालिका की टीम कर रही कुत्ते की तलाश पावटा प्रागपुरा नगर पालिका अधिशासी अधिकारी फतेह सिंह मीणा ने बताया- घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका की टीम को मौके पर भेजा गया। पागल कुत्ते को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। आवारा कुत्तों की धरपकड़ और टीकाकरण अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने आमजन से सहयोग की अपील की। …. ये खबर भी पढ़ें: आकरा भट्टा में आवारा कुत्ते का हमला, दुकानदार घायल:लोगों कर रहे प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग


