पावर मैनेजमेंट और सरकार के खिलाफ 16-17 को प्रदर्शन

लुधियाना| पंजाब सरकार और पावर मैनेजमेंट द्वारा बिजली निगम की गांव बडूंगर (जिला पटियाला) स्थित 50 एकड़ जमीन का मालिकाना हक पुड्डा के नाम ट्रांसफर किए जाने के विरोध में कर्मचारी व पेंशनर संगठनों ने संघर्ष का ऐलान किया है। यह निर्णय पीएसईबी इंप्लाइज ज्वाइंट फोरम, बिजली मुलाजिम एकता मंच पंजाब, एसोसिएशन ऑफ जूनियर इंजीनियर्स, ग्रिड सब स्टेशन इंप्लाइज यूनियन, पावरकॉम एंड ट्रांसको पेंशनर्ज यूनियन पंजाब (एटक से संबद्ध) तथा पेंशनर वेलफेयर फेडरेशन के संयुक्त मंच की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता रतन सिंह माजरी और गुरप्रीत सिंह गंडीविंड ने संयुक्त रूप से की। नेताओं ने आरोप लगाया कि बीते वर्ष और 14 फरवरी 2026 को मोहाली गेस्ट हाउस में हुई बैठक में कर्मचारियों और पेंशनरों की कई मांगों को लागू करने पर सहमति बनी थी। उन्होंने बताया कि सीएमडी डॉ. बसंत गर्ग ने संपत्तियां न बेचने का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन अब 50 एकड़ जमीन पुड्डा के नाम ट्रांसफर कर दी गई है, जो वादाखिलाफी है। संयुक्त मंच ने निर्णय लिया कि 16 और 17 फरवरी को पूरे पंजाब में सब-डिवीजन और डिवीजन स्तर पर पावर मैनेजमेंट और सीएमडी के पुतले फूंककर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। नेताओं ने चेतावनी दी कि संपत्तियां बेचने के खिलाफ व्यापक आंदोलन खड़ा किया जाएगा। 28 फरवरी को शहीद कर्नैल सिंह ईसड़ू भवन, लुधियाना में संयुक्त बैठक कर आगामी संघर्ष की रूपरेखा घोषित की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *