अमृत स्टेशन योजना के तहत देश के 500 से अधिक रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इसी कड़ी में अजमेर मंडल के 15 स्टेशनों में से एक पिंडवाड़ा स्टेशन पर भी तेजी से काम चल रहा है। यहां 86 प्रतिशत से अधिक पुनर्विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, और शेष कार्य अंतिम चरण में हैं। पिंडवाड़ा स्टेशन पर 931 वर्ग मीटर में एक नई मुख्य बिल्डिंग का निर्माण पूरा हो गया है। इसके साथ ही, द्वितीय प्रवेश द्वार की बिल्डिंग भी तैयार हो चुकी है। मुख्य स्टेशन एंट्री का अधिकांश कार्य भी संपन्न कर लिया गया है। स्टेशन पर 4641 वर्ग मीटर में सर्कुलेटिंग एरिया का निर्माण प्रगति पर है, जिसका कुछ काम बाकी है। बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य भी जारी है। इसके अतिरिक्त, प्लेटफॉर्म शेल्टर का निर्माण किया गया है और 10775 वर्ग मीटर प्लेटफॉर्म की सरफेसिंग की गई है। हालांकि, नाली और शौचालय ब्लॉक जैसे कुछ कार्य अभी शेष हैं। 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (FOB) के निर्माण में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। इसके फाउंडेशन और कॉलम लॉन्चिंग का कार्य पूरा हो गया है, और क्रॉस गार्डर भी लगाए जा चुके हैं। रैम्प कॉलम फुटिंग का काम भी संपन्न हो गया है, जबकि गार्डर फैब्रिकेशन, फ्लोरिंग और रुफिंग का कार्य अभी बाकी है। 16 मीटर लंबाई के 7 बे प्लेटफॉर्म शेल्टर का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने संबंधित अधिकारियों को पिंडवाड़ा स्टेशन पर अमृत स्टेशन योजना से जुड़े कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। वे लगातार चयनित स्टेशनों के कार्यों की समीक्षा और निरीक्षण कर रहे हैं, और अधीनस्थ अधिकारियों को शेष कार्यों को और भी तीव्र गति से करने के निर्देश दे रहे हैं।


