उदयपुर के गोगुंदा में तेज रफ्तार पिकअप पेड़ से टकराने के मामले में 1 और व्यक्ति की इलाज की मौत हो गई। घायल का एमबी अस्पताल में इलाज चल रहा था। इस हादसे में कुल 4 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे में मौके पर ही 2 चचेरे भाइयों और भतीजे की मौत हो गई थी। हादसे में कुल 13 बच्चों समेत 30 लोग घायल हुए थे। पिकअप में 40 लोग सवार थे। जिनमें बच्चे और महिलाएं अधिक थीं। पुलिस आज चारों के शवों का पोस्मार्टम के बाद परिजनों को सौपेंगी। हादसा इतना भयानक था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। लोग उछलकर सड़क पर गिर गए। कुछ लोग गड्ढे में जा गिरे। घटना गोगुंदा-झाड़ोल मार्ग पर मजावद की शनिवार शाम करीब 6:45 बजे की है। 11 लोगों की हालत गंभीर
डीएसपी गोपाल चंदेल ने बताया- हादसे में लखमाराम (39) पुत्र भुराजी गमेती, नेमीचंद (35) पुत्र नान लाल गमेती और पंकज (9) पुत्र भंवरलाल गमेती की मौत हो गई। लखमा राम और नेमीचंद दोनों चचेरे भाई थे। पंकज उनका भतीजा था। तीनों मोडवा गांव के रहने वाले थे। घायलों में 13 बच्चे , 9 महिलाएं, 8 युवक शामिल हैं। इनमें से करीब 11 लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। इलाज के दौरान रविवार सुबह एमबी अस्पताल में रूपा पिता रूपलाल गमेती की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गोगुंदा पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। गंभीर घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल उदयपुर रेफर कर दिया गया। हादसे का शिकार हुए सभी लोग मोडवा गांव के रहने वाले हैं। सभी लोग बगडुंदिया गए थे। सांवरलाल के यहां शादी से पहले कपड़े लेकर गए थे। पिकअप में पन्ना लाल गमेती का परिवार एक साथ बैठकर गया था। गाड़ी को ड्राइवर काफी तेज चला रहा था। शायद ड्राइवर नशे में था। गाड़ी पेड़ से जाकर टकराई। इनपुट – गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा।


