जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में पुलिस आरक्षक के 15 वर्षीय बेटे ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शनिवार को 10 वीं के मिड टर्म का एग्जाम था। शुक्रवार रात में वो पढ़ाई कर रहा था। सुबह 4:30 बजे पिता सोकर उठे, तो उन्होंने घर के ड्राइंग रूम में बेटे को फांसी पर लटका देखा। उसे नीचे उतारकर परिजन हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। रुद्राक्ष राजावत कैंपियन स्कूल में 10वीं कक्षा में था। उसके पिता इंद्रपाल सिंह पुलिस लाइन में आरक्षक हैं। रुद्राक्ष के एग्जाम चल रहे थे। शुक्रवार को स्कूल से घर लौटा था। इसके बाद उसने घरवालों के साथ समय बिताया। रात का खाना खाने के बाद वो शनिवार को होने वाले एग्जाम की तैयारी करने के लिए पढ़ने बैठ गया। रुद्राक्ष ने मफलर से फांसी का फंदा बनाया था। परिजनों का कहना है कि रुद्राक्ष ने उनसे किसी प्रकार की परेशानी का कोई जिक्र नहीं किया था।


