दुमका| जामा थाना क्षेत्र के लगला पंचायत के पिपरा गांव में घर का ताला तोड़ कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़ित बनवारी लाल मिश्रा ने जामा थाना में लिखित आवेदन देकर कहा कि वह बेटा के इलाज के सिलसिले में हावड़ा गए हुए थे। जब वह 14 फरवरी को घर लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा है। पीड़ित के अनुसार चोरों ने घर से नकद रुपये, बैटरी, इन्वर्टर, गैस सिलेंडर, एचपी कंपनी का प्रिंटर समेत अन्य घरेलू सामान चोरी कर ली गई थी। इसके बाद जामा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद प्रभारी अजीत कुमार ने छानबीन शुरू की। जांच के क्रम में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में अमित कुमार, चंदन मांझी एवं छोटू राय शामिल है।


