पीईटी-पीपीएचटी आज: 1 घंटा पहले पहुंचना होगा केंद्र

भास्कर न्यूज | रायगढ़ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा प्री-इंजीनियरिंग टेस्ट(पीईटी) और प्री-फार्मेसी टेस्ट(पीपीएचटी) का आयोजन 8 मई गुरुवार को किया गया है। इस परीक्षा में नीट की तरह कपड़ों की बंदिश तो नहीं है, लेकिन परीक्षार्थियों को परीक्षा से एक घंटा पहले पहुंचना होगा। साथ ही अपनी पहचान के लिए ओरिजिनल दस्तावेज रखने होंगे। इसके बगैर प्रवेश नहीं मिलेगा। पीईटी के लिए जिले में चार केंद्र बनाए गए हैं। इसमें शासकीय नटवर हायर सेकेंडरी स्कूल, किरोड़ीमल शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज चक्रधर नगर, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल चक्रधर नगर शामिल हैं। इसी प्रकार पीपीएचटी के लिए शासकीय नटवर हायर सेकेंडरी स्कूल, किरोड़ीमल शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज चक्रधर नगर, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल चक्रधर नगर, शासकीय गर्ल्स स्कूल कोस्टापारा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा की तैयारी के लिए डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। पीईटी परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक होगी, जबकि पीपीएचटी परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों से यह भी कहा गया है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम से दूर रहें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। यह परीक्षा छात्रों के भविष्य की दिशा तय करने वाली है। इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स लाने की अनुमति किसी भी परीक्षार्थी को नहीं है। वे मोबाइल फोन, स्मार्ट घड़ी या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण केंद्र में नहीं ले जा सकेंगे। परीक्षा के दौरान उत्तर पुस्तिका भरते समय दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ना और उनका पालन करना जरूरी होगा। लापरवाही करने पर उत्तर पुस्तिका अमान्य मानी जा सकती है। गर्मी को देखते हुए पारदर्शी बोतल में पानी लाने की अनुमति दी गई है। साथ ही हल्के और आरामदायक वस्त्र पहनने की सलाह दी गई है। परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र को प्रिंट आउट करके लाना होगा और एक वैध पहचान पत्र की मूल प्रति लाना जरूरी होगा। पहचान पत्र में आधार, पैन, ड्राइविंग लाइसेंस या मतदाता पहचान पत्र मान्य होंगे। बिना इन दस्तावेजों के किसी को भी परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *