मंडला में स्वामी विवेकानंद जयंती के मौके पर रविवार को युवा दिवस दिवस मनाया गया। जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) मंत्री संपतिया उइके ने स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ सामूहिक सूर्य नमस्कार और प्राणायाम किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री उइके ने स्वस्थ जीवन में योग और प्राणायाम के महत्व के बारे में बताया। स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्होंने जिले की पुस्तकालयों में स्वामी विवेकानंद से संबंधित साहित्य की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 5 लाख रुपए के अनुदान की घोषणा की। समारोह में कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, शैलेश मिश्रा, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट राजेंद्र सिंह और एसडीएम सोनल सिडाम सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और शिक्षाओं को प्रोत्साहित करना था।


