पीएमटी बालक छात्रावास में छात्रावास दिवस मनाया

भास्कर न्यूज | कांकेर नवीन पीएमटी बालक छात्रावास कांकेर में छात्रावास दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम की विशेषता यह थी कि इसमें छात्रावास से पूर्व में अध्ययन पूर्ण कर चुके सभी वरिष्ठजनों एवं अत्यंत वरिष्ठ पूर्व छात्रों को विशेष रूप से अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। उनकी उपस्थिति ने समारोह की शोभा को और बढ़ाया। साथ ही छात्रावास के एवरग्रीन छात्र भी उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में शामिल हुए,जिससे पुराने और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच आत्मीयता एवं जुड़ाव का वातावरण निर्मित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक आसाराम नेताम उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता चेतन राम पटेल ने की। छात्रावास परिवार की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया गया। छात्रावास के सभी पदाधिकारियों ने अपने अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए सभी वरिष्ठजनों एवं अतिथियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में एक गारिमामय सभा आयोजित की गई। जिसमें सभी वरिष्ठजन क्रमश मंच पर आमंत्रित किए गए। जिन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते अनुशासन, परिश्रम, एकता तथा लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने प्रेरित किया। मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को निरंतर प्रगति के मार्ग पर अग्रसर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, कविता पाठ एवं लघु नाटिका के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विशेष रूप से पीएमटी प्री मैट्रिक एवं अन्य छात्रावासों से आए विद्यार्थियों ने भी अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम को देखते छात्रावास परिसर की आकर्षक साज सज्जा की गई थी। छात्रावास दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों एवं अतिथियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक, अनुकरणीय एवं अविस्मरणीय सिद्ध हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *