धौलपुर के पीएमश्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल बाड़ा हैदरशाह के प्रिंसिपल नरेश कुमार जैन को ट्रांसफर के मामले में बड़ी राहत मिली है। राजस्थान सिविल सेवा अपील अधिकरण, जयपुर ने उनके ट्रांसफर और कार्यमुक्ति के आदेशों को निरस्त कर दिया है।
कुछ दिन पहले प्रिंसिपल जैन का तबादला हो गया था, जिसके विरोध में स्कूल की छात्राओं ने प्रदर्शन किया था। छात्राओं ने जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी को ज्ञापन सौंपकर स्थानांतरण निरस्त करने की मांग की थी। अधिकरण ने अपने महत्वपूर्ण निर्णय में प्रिंसिपल नरेश कुमार जैन के स्थानांतरण एवं कार्यमुक्ति आदेशों को रद्द कर दिया। यह फैसला शासन के नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारित किया गया है।
धौलपुर निवासी एडवोकेट सुमित जैन ने बताया कि अधिकरण ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि प्रिंसिपल जैन को उनके वर्तमान पदस्थापन यानी जिला धौलपुर में ही निरंतर कार्यरत रखा जाए। उन्हें तब तक कार्यमुक्त न किया जाए जब तक नए कार्मिक की पदस्थापना नहीं हो जाती।


