भास्कर न्यूज | रायगढ़ पीएम आवास की किस्त की राशि लेने के बाद भी निर्माण नहीं करने वाले हितग्राहियों से अब नगर निगम रुपए वसूलेगा। नगरीय निकाय क्षेत्र में 2 हजार 92 पीएम आवास स्वीकृत किए गए थे, लेकिन इनमें से 2 हजार 540 ही पूर्ण हो पाए हैं। लंबे समय से राशि लेने के बाद भी निर्माण नहीं करने वाले हितग्राहियों पर कार्रवाई की तैयारी है। नगर निगम ऐसे हितग्राहियों को पहले नोटिस देगा, फिर कुर्की सहित राशि वसूलेगा। ऐसे 192 हितग्राही चिन्हित किए गए हैं। राज्य सरकार अब नगर निगम क्षेत्र में भी मोर जमीन मोर आस की थीम पर आवास निर्माण के लिए बजट दे रही है। इसके तहत रायगढ़ नगर निगम को पीएम आवास 2.0 के अंतर्गत 1140 नए आवास की स्वीकृति मिली है। अब तक 340 आवेदन आए हैं, जिनमें से 130 आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं और ग्राउंड लेवल पर काम भी शुरू हो गया है। वहीं 210 आवेदन स्वीकृति के लिए शासन को भेजे गए हैं। नगर निगम की आवास शाखा के कर्मचारियों ने बताया कि पीएम आवास 2.0 के तहत निर्माण कार्य 18 महीने में पूरा करना होगा। समय पर काम पूरा करने वाले हितग्राहियों को 32 हजार 850 रुपए गृह प्रवेश सम्मान प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, ताकि वे तय समय में निर्माण पूरा कर सकें। नगर निगम ईई अमरेश लोहिया ने बताया कि पीएम आवास योजना के तहत अब आबादी पट्टा के साथ 2024 गाइडलाइन के अनुसार स्वीकृति मिलेगी। राशि 4 किस्त में दी जाएगी। इसके अलावा पिछले लंबित पीएम आवास को पूरा करने हितग्राहियों को नोटिस जारी किया गया है।


