बीजेपी आईटी विभाग के संयोजक दिलीप सिंह राव ने अपनी ही पार्टी के नेताओं के खिलाफ नाम लिए बिना गंभीर आरोप लगाए हैं। दिलीप सिंह राव ने लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के एक बड़े नेता के घर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कैंपेन चलने का आरोप लगाया है। राव ने सोशल मीडिया पर रविवार और सोमवार को कई पोस्ट करके अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता पर नाम लिए बिना निशाना साधा है। राहुल ने लिखा- लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ राजस्थान में बड़े नेता जी के घर से नेगेटिव कैंपेन चल रहा था। जब हमने बताया उन्होंने नहीं माना। जब सबूत दिए फिर भी जिम्मेदार आज तक चुप हैं। जिम्मेदारों को छुट्टी तोड़नी पड़ेगी, शुरू से बोलना आया हूं। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हो, लेकिन जिसने यह कृत्य किया है वह आज भी सत्ताधारियों से मिलकर चाय का आनंद ले रहे हैं। जिस थाली में खाओगे, उसी में छेद करोगे राव इससे पहले एक्स पर लिखा- जो दृढ़ राखे धर्म को ताहि रखे करतार। जिस थाली में खाओगे, उसी थाली में छेद करोगे। सरकार कोई भी हो, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ षड्यंत्र बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन्होंने भी यह कृत्य किया है, मैं उसे छोड़ने वाला नहीं हूं। उसे दंड दिलवा कर ही रहूंगा। जिम्मेदारों ने कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन मुझे इसके लिए जहां भी जाना पड़ेगा जाऊंगा। राव ने किरोड़ी की तरफ इशारा करके लिखा- हारे का सहारा बाबा हमारा दिलीप सिंह राव ने इससे पहले मंत्री किरोडी लाल मीणा की तरफ इशारा करते हुए लिखा कि राजस्थान के लिए यह कहावत सिद्ध होती भी दिख रही है हारे का सहारा बाबा हमारा। इसके साथ उन्होंने एक फोटो भी ट्वीट किया है जिसमें सीएम भजनलाल शर्मा, मंत्री किरोड़ीलाल मीणा और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ साथ दिख रहे हैं। राव बोले- नेता का नाम पार्टी को बता दिया, सार्वजनिक नहीं करूंगा, सारे सबूत भी भेज रहा हूं दिलीप सिंह राव ने भास्कर से फोन पर कहा – पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ षडयंत्र करने वाले नेता के सारे सबूत मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष को भेज रहा हूं। मैं षड्यंत्र करने वाले का नाम सार्वजनिक नहीं करूंगा, क्योंकि मैं पार्टी का एक समर्पित कार्यकर्ता हूं। इस नाते मैं नहीं चाहता कि पार्टी का कोई नुकसान हो, इसलिए जहां भी नाम बताना है मैंने उन्हें सबूत के साथ नाम बता दिया है। बीजेपी नेताओं का आरोपों पर कोई जवाब नहीं
बीजेपी आईटी विभाग के संयोजक दिलीप सिंह राव के इन आरोपों पर फिलहाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से लेकर किसी भी बड़े नेता ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। संयोजक का इशारा किसकी तरफ, इसे लेकर सियासी चर्चाएं बीजेपी आईटी विभाग के संयोजक ने अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता का नाम लिखे बिना जिस तरह के गंभीर आरोप लगाए हैं उसे लेकर पार्टी के भीतर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। राव ने सीधे तौर पर किसी नेता का नाम नहीं लिखा है लेकिन लोकसभा चुनाव के दौरान किस नेता ने पीएम के खिलाफ कैंपेन चलाने की हिम्मत की इसे लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चा हैं। बड़े नेताओं के नामों को लेकर अलग अलग अटकलें लगाई जा रही हैं।


