बालाघाट की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं से पहले शुक्रवार को छात्रों के साथ ‘परीक्षा पे चर्चा’ की। यह राष्ट्रीय आयोजन बालाघाट के सांदीपनी स्कूल में जिला स्तरीय कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी अश्विनी उपाध्याय, संस्था प्राचार्य डॉ. युवराज राहंगडाले सहित सांदीपनी स्कूल और विभिन्न अन्य विद्यालयों से लगभग 1500 बोर्ड परीक्षार्थी उपस्थित थे। सभी छात्रों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा। प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव से मुक्त रहने के तरीके बताए। उन्होंने खेल और अन्य गतिविधियों के माध्यम से तनाव प्रबंधन और समय के सही उपयोग पर जोर दिया। बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करने का प्रयास संस्था प्राचार्य डॉ. युवराज राहंगडाले ने बताया कि प्रधानमंत्री ने बच्चों में परीक्षा को लेकर आत्मविश्वास पैदा करने का प्रयास किया। उन्होंने तनावमुक्त रहने और प्रश्नों को याद रखने के सरल तरीके समझाए। डॉ. राहंगडाले ने विश्वास व्यक्त किया कि छात्र इन युक्तियों का उपयोग कर सफलता प्राप्त करेंगे। कक्षा 12 की छात्रा मिताली टेभरे ने बताया कि प्रधानमंत्री ने परीक्षा में तनाव से मुक्त रहने के लिए खेल और अन्य गतिविधियों में संतुलन बनाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इस संदेश से वह काफी प्रभावित हुईं कि यदि मन में ठान लिया जाए, तो हर चीज संभव है। कक्षा 10 की छात्रा अंशिका गंगभोज ने भी कार्यक्रम से काफी कुछ सीखने की बात कही। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने समय प्रबंधन के साथ तनावमुक्त होकर परीक्षा की तैयारी करने और पढ़ाई के दौरान ब्रेक लेने के महत्व पर प्रकाश डाला।


