भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ ने इंडिया-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर देश और पंजाब के लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नेशनल लेवल पर कांग्रेस और पंजाब में आप नेता इस डील को लेकर भ्रम फैला रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि यह समझौता देश के आर्थिक हितों की रक्षा करते हुए भविष्य के नए रास्ते खोलता है। सुनील जाखड़ ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आक्रामक टैरिफ नीति के कारण वैश्विक व्यापार असमंजस में था। ऐसे हालातों में 50 प्रतिशत तक टैरिफ के खतरे के बीच भारत के लिए विकास की राह बनाए रखना एक बड़ी चुनौती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने इस चुनौती को अवसर में बदला और ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ के मुकाबले ‘मेक इंडिया ग्रेट’ की सोच को मजबूती दी। उन्होंने कहा कि भारत ने किसी के सामने झुककर कोई सौदा नहीं किया, बल्कि स्पष्ट रूप से ‘इंडिया फर्स्ट’ की नीति अपनाई। अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा बाजार है और इस डील से भारत के लिए व्यापार, इंडस्ट्री, टेक्नोलॉजी, डेटा सेंटर और चिप मैन्युफैक्चरिंग के नए दरवाजे खुले हैं। जाखड़ ने किसानों के हितों को लेकर उठ रहे सवालों पर कहा कि यह डील खेती के खिलाफ नहीं, बल्कि किसानों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में है। उन्होंने दावा किया कि 90 से 95 प्रतिशत कृषि क्षेत्र को सुरक्षित रखा गया है और गेहूं-धान तक सीमित खेती से आगे बढ़कर एग्रीकल्चरल एक्सपोर्ट के नए अवसर तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस डील से एमएसएमई सेक्टर, टेक्सटाइल, दवा उद्योग और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं उन्होंने किसानों यूनियन नेताओं को भी अपील की कि वह 12 फरवरी से जो संघर्ष करने जा रहे है, वह उसे न करे। अगर उनके मन में किसी तरह की कोई आशंकाए है तो बताएं, हर आशंकाओं को वह दूर करेंगे। भाजपा हर मुद्दे पर बातचीत कर समाधान निकालने को तैयार है। जाखड़ ने कहा कि इंडिया-अमेरिका डील प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के युवाओं के लिए रोजगार, उद्योगों के लिए विस्तार और किसानों के लिए सुरक्षा का मजबूत आधार बनेगी। उन्होंने इसे देश के आर्थिक भविष्य के लिए “सबसे बेहतरीन समाधान” करार दिया और लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह के भ्रम और राजनीतिक गुमराही का शिकार न बनें। उन्होंने कहा कि अमेरिका में टेक्सटाइल सेक्टर का बाजार 345 बिलियन डॉलर का है, जिसमें भारत की हिस्सेदारी केवल 5 प्रतिशत है, जबकि चीन की हिस्सेदारी 25 से 35 प्रतिशत रही है। अब जब हमें चीन की तुलना में कम टैरिफ पर इस बाजार तक पहुंच मिलेगी, तो इससे हमारे टेक्सटाइल उद्योगों को सीधा लाभ होगा और पंजाब के टेक्सटाइल उद्योग को भी इसका फायदा पहुंचेगा, जिसका अप्रत्यक्ष लाभ पंजाब की अर्थव्यवस्था को भी होगा। पाकिस्तान के साथ व्यापार खोलने के मुद्दे पर जाखड़ ने कहा कि जब पड़ोसी देश आतंकवाद, हथियार और नशे की तस्करी का गढ़ बना हुआ है, तब उसके साथ व्यापार की बात करना अव्यावहारिक है। सिर्फ बॉर्डर खोलने से देश की तरक्की नहीं होगी, बल्कि मजबूत आर्थिक नीतियों और सुरक्षित व्यापारिक ढांचे की जरूरत है।


