भास्कर न्यूज | गिरिडीह सदर प्रखण्ड के पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय में “वार्षिकोत्सव समारोह” एवं “आनंददायी कक्ष” के उद्घाटन के साथ पीएम श्री योजना कार्यक्रमों की शुरुआत 9 फरवरी से की जाएगी। यह कार्यक्रम राज्य परियोजना निदेशक, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है।जिले के सभी पीएम श्री विद्यालयों में 5 फरवरी से विद्यालय स्तर पर छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से भारत की कला, संस्कृति, शिक्षा में उत्कृष्टता तथा खेलकूद प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिसमें विद्यालय परिवार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देशानुसार 9 फरवरी को पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय धनयडीह के प्रांगण में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। बच्चों की बुनियाद को मजबूत करने के उद्देश्य से निर्मित “आनंददायी कक्ष” का उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा।सांस्कृतिक आदान-प्रदान से संबंधित गतिविधियों का आयोजन दिनांक 10 फरवरी को विद्यालय के नए प्रांगण में किया जाएगा। वहीं, विद्यालय स्तर पर “टीएलएम मेला” की प्रदर्शनी 11 फरवरी को आयोजित करने की तैयारी चल रही है।कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाध्यापक भुवनेश्वर प्रसाद सिंह के नेतृत्व में नोडल शिक्षक संजीव कुमार, कार्यक्रम समन्वयक सहित शिक्षिका शिखा कुमारी, सोनी कुमारी, राहिल मेरी हांसदा, सुनीता कुमारी, प्रमिला कुमारी, रीता मिश्रा, शिक्षक दिगंबर प्रसाद वर्मा, मनोज कुमार, आईसीटी प्रभारी सुनील कुमार दास, कार्यालय सहायक अजीत कुमार राय एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका सराहनीय है।


