लुधियाना| स्वदेशी जागरण मंच पंजाब द्वारा 21 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के किसान ग्राउंड में भव्य स्वदेशी मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेला प्रमुख गुरदीप सिंह गोशा और संयोजक मोहित गोयल ने कहा कि भारत को विश्व में नंबर एक स्थान पर पहुंचाने के लिए पंजाब की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है और यह मेला उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि स्वदेशी मेला केवल व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने का अभियान है। छोटे उद्योगों और कारीगरों को सीधा बाजार उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। गोशा ने बताया कि मेले में लुधियाना के होजरी उद्योग को विशेष पहचान दी जाएगी। देश की लगभग 80 प्रतिशत ऊनी वस्त्रों की मांग पूरी करने वाले इस उद्योग का वार्षिक कारोबार करीब 15 हजार करोड़ रुपए है और लगभग पांच लाख लोगों को रोजगार मिलता है। मेले में स्वेटर, टी-शर्ट, थर्मल व अन्य उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। लुधियाना को भारत की साइकिल राजधानी बताते हुए उन्होंने कहा कि देश का 80-90 प्रतिशत साइकिल उत्पादन यहीं होता है। संरक्षक हरीश दुआ और सुभाष गुप्ता ने कहा कि यह मेला सामाजिक व आर्थिक विकास का सशक्त माध्यम बनेगा। इसके साथ ही लाइव कारीगरी प्रदर्शन, लोक नृत्य, लोक संगीत और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। सांस्कृतिक संध्याओं में गायिका ऊषा उत्थुप के साथ परवेज आलम, साउंड ऑफ सोल, मंडेर ब्रदर्स, अली जैन, सतिंदर बडाली, आदिल, अभिषेक मंगा, जगदीप भुल्लर और जगदीप सांगा अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। मेले की जानकारी देते जागरण मंच के सदस्य।


