भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर रामानुज प्रताप सिंहदेव पीजी कॉलेज परिसर में वार्षिकोत्सव, लोकरंग और वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े रहीं, जबकि अध्यक्षता एसपी कोरिया रविकुमार कुर्रे ने की। विशिष्ट अतिथियों में नपाध्यक्ष नविता शिवहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्राचार्य एमसी हिमधर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें कॉलेज की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की शैक्षणिक प्रगति और विविध गतिविधियों की जानकारी दी। स्वागत गीत की प्रस्तुति पूजा पंकज ने दी। कार्यक्रम के पहले चरण में सत्र 2024-25 के दौरान विभिन्न कक्षाओं में सर्वाधिक अंक अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिभावान विद्यार्थी पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। साथ ही वर्षभर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस, स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा, विश्व एड्स दिवस, हिंदी दिवस, स्वीप कार्यक्रम, मतदाता जागरूकता, रजत जयंती और सेमिनार आदि के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा वार्षिकोत्सव के अंतर्गत आयोजित क्रीड़ा प्रतियोगिताओं जैसे 100, 200, 400, 800 मीटर दौड़, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, गोला फेंक, लंबी कूद, कबड्डी (महिला व पुरुष) और परिक्षेत्र स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया। मुख्य अतिथि वंदना राजवाड़े व नविता ने विद्यार्थियों को मेहनत, संघर्ष और सर्वांगीण विकास का संदेश दिया। वहीं एसपी कुर्रे ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को संस्कारवान बनाती है। राज्य स्तर पर खेलों में भागीदारी करने वाले विद्यार्थियों में फुटबॉल में अगस्त राजवाड़े और टेबल टेनिस में नीतू राजवाड़े व प्रांजल शर्मा को उत्कृष्ट खिलाड़ी 2025 के सम्मान से सम्मानित किया गया। साथ ही डॉ. महेश मिश्रा को गृह रक्षक व नागरिक सुरक्षा में सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक प्राप्त होने पर विशेष स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी, जिनमें छत्तीसगढ़ी लोकगीत, शास्त्रीय व लोकनृत्य, पंथी, भांगड़ा, राउत नाचा, संबलपुरी और ददरिया नृत्य शामिल रहे। फैंसी ड्रेस के माध्यम से भारत की विविध सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत की गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. बृजेश कुमार पाण्डेय और डॉ. कुलदीप ओझा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. विनय कुमार शुक्ला ने किया।


