भास्कर न्यूज।धौलपुर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एडीजे रेखा यादव ने सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यादव ने पीडि़त महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया एवं वन स्टॉप सेंटर द्वारा संधारित रजिस्टरों का अवलोकन किया। सर्दी के मौसम को देखते हुए सर्दी से बचाव व गर्म पानी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए। वन स्टॉप सेंटर में आवासित सभी महिला एवं बालिकाओं से भी पूछताछ कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देशानुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए। सचिव ने बताया कि सरकार द्वारा प्रत्येक जिले में पीड़ित महिलाओं के विधिक सहायतार्थ एवं उनकी सुरक्षा के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित किए गए हैं। पीडि़त एवं जरूरतमंद महिलाओं को सखी सेन्टर द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ उठाना चाहिए। सखी वन स्टॉप सेन्टर के अन्तर्गत सभी प्रकार की हिंसा से पीडित महिलाओं एवं बालिकाओं को एक ही स्थान पर अस्थाई आश्रय, पुलिस डेस्क, विधिक सहायता,चिकित्सा एवं काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इस अवसर पर राहुल डंडोतिया आदि मौजूद रहे।


