पीडीएस दुकान में हैरान करने वाली लाखों की चोरी, शिकायत दर्ज
3 लाख रुपए कीमत की 180 बोरी चावल चोरी
कोतमा। हमेशा ही राशन, धान एवं चावल घोटालों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले कोतमा क्षेत्र के देवगवा शासकीय उचित मूल्य दुकान से फिर एक हैरान करने वाला चोरी का मामला सामने आया है। जिसमें लैंप्स प्रबंधक सुरेंद्र पांडे द्वारा 180 बोरी चावल कीमती लगभग 3 लाख रुपए की चोरी की शिकायत थाना भालूमाड़ा में दर्ज कराई गई है। उक्त चोरी की घटना को लेकर पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जाता है कि इतनी बोरी चावल चोरी करने के लिए कम से कम 5 घंटे एवं कई चोरों सहित बड़ा वाहन भी होना चाहिए। अजीबोगरीब चोरी को लेकर पूरे मामले की जांच पुलिस एवं खाद्य विभाग के अधिकारी अलग अलग कर रहे है। देवगंवा पीडीएस दुकान से 180 बोरी चावल चोरी होने की शिकायत प्रबंधक सुरेंद्र पांडे द्वारा दी थाने में गई है। पुलिस अधिकारी द्वारा मौके पर पहुंच चोरी सहित अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। एक ओर रातों-रात 180 बोरी चावल चोरी करना किसी भी चोर के लिए असंभव माना जा रहा है साथ ही चोर के द्वारा पूरी ईमानदारी के साथ पीडीएस गोदाम और दुकान में नया ताला भी लगा के चले जाना लोगों के समझ से परे बताई जा रही है। पूरे मामले की चर्चा लगातार सुर्खियां बटोर रही है। मामला बीते सोमवार का है पीडीएस दुकान संचालक सुरेंद्र पांडे दुकान खोलने पहुंचे वहां दुकान पर नए ताला लगा हुआ देखा तो सूचना विभाग और पुलिस को दी गई। पंचनामा कार्यवाही के बाद
ताला तोड़ने के बाद दुकान में रखें 180 बोरी चावल गायब पाए गए।
जिसकी शिकायत थाने में की गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया इसी सोसाइटी में पूर्व में भी दो बार चोरी की शिकायत हो चुकी है। ग्रामीणों की माने तो किसी प्रकार की बड़ी गाड़ी का पीडीएस दुकान के पास आना-जाना और चोरी जैसी गतिविधियां नजर नहीं आई है। गोदाम संचालक सुरेंद्र पांडे का मानना है कि 21 तारीख के बाद दो से तीन बार गोदाम से चावल आया है और उसके बाद जब दुकान बंद की गई तो खोलने पर 90 क्विंटल चावल गायब पाया गया है। गायब हुए चावल को लेकर पुलिस और जानकारों का मानना है कि चोरी के साथ-साथ खाद्यान्न की हेराफेरी भी हो सकती है।
पुलिस को खाद्यान्न हेरा फेरी की संभावना
पीडीएस दुकान में चोरी की शिकायत प्राप्त हुई है। हर एंगल से जांच जारी है। जल्द ही मामले का खुलासा होगा।


