जयपुर के लालकोठी स्थित इंस्पायर क्रिकेट ग्राउंड में शुक्रवार को प्रेस प्रीमियर लीग (पीपीएल) 2025 का रोमांचक मुकाबला खेला गया। न्यूज फैक्ट राजस्थान ने प्रेस क्लब स्टार को 134 रनों से हराया। टीम के कप्तान प्रकाश सिंह चौहान ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन कर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता। न्यूज फैक्ट राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज सौरभ पांथरी और जावेद खान ने धमाकेदार शुरुआत की। दोनों ने 6.3 ओवर में 91 रन की साझेदारी की। सौरभ ने 26 गेंदों में 51 रन बनाए। जावेद ने 23 गेंदों में 32 रन का योगदान दिया। कप्तान प्रकाश सिंह ने 26 गेंदों में 42 रन की पारी खेली। टीम ने 18 ओवर में 8 विकेट खोकर 217 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेस क्लब स्टार की टीम 87 रन पर ढेर हो गई। प्रशांत गौड़ ने 28 गेंदों में 30 रन बनाए। विक्रम राजपुरोहित ने 25 गेंदों में 25 रन जोड़े। टीम के अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। न्यूज फैक्ट राजस्थान के गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी की। कप्तान प्रकाश सिंह ने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए। उन्होंने एक मेडन ओवर भी फेंका। रामेन्द्र सोलंकी ने 4 ओवर में मात्र 9 रन देकर 2 विकेट चटकाए। उन्होंने भी एक मेडन ओवर फेंका। तेज गेंदबाज ओमप्रकाश कुमावत ने 4 ओवरों में 21 रन देकर 1 विकेट लिया, जबकि भागीरथ सिंह ने 1.4 ओवरों में सिर्फ 6 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। प्रेस क्लब स्टार के दो बल्लेबाजों के अलावा बाकी पूरी टीम सस्ते में आउट हो गई 217 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रेस क्लब स्टार की टीम शुरु से ही लडखडाती नजर आई। केवल ओपनर राजपुरोहित ने फ्रंट से लीड करते हुए शानदार अंदाज में बल्लेबाजी की। उनके बल्ले से निकले 3 चौके और 1 गगनचुंबी छक्का देखने लायक था। 25 गेंदों में 25 रनों की इस पारी में उन्होंने धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन बनाया। दूसरी तरफ, प्रशांत गौड़ ने भी मोर्चा संभाला और 28 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 30 रन बनाए। लेकिन इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा बाकी बल्लेबाज न्यूज फैक्ट की गेंदबाजी के सामने टिक ही नहीं सके! विकेट ऐसे गिर रहे थे जैसे पत्तों की तरह झड़ रहे हों, और पूरी टीम जल्द ही सस्ते में सिमट गई। प्रेस क्लब के सदस्य रहे उपस्थित मैच के दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र सिंह राठौड़, महासचिव योगेंद्र पंचौली, उपाध्यक्ष विमल सिंह तंवर, राहुल भारद्वाज, डॉ. मॉनिका शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह राजावत, अनीता शर्मा, नमोनारायण अवस्थी, संजय गौतम, शालिनी श्रीवास्तव, ओम भार्गव सहित सभी टीमों के कप्तान एवं वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।


